पंचतत्व में विलीन हुए मनमोहन सिंह, निगमबोध घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई – PRABHATTV.COM

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निगमबोध में अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। इस दुनिया से उनकी अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। निगमबोध घाट पर पीएम मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। राजकीय सम्मान के साथ मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई दी गई। अर्धसैनिक बलों के जवानों ने उन्हें 21 तोपों की सलामी दी।

मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने आ रहे वीवीआईपी मेहमानों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों को प्रतिबंधित रास्तों पर न जाने की सलाह दी है। रिंग रोड (महात्मा गांधी मार्ग), निषाद राज मार्ग, बुलेवार्ड रोड, एसपीएम मार्ग, लोथियन रोड और नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और डायवर्जन हो सकता है।

उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 92 वर्ष के थे। देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने देशभर में 7 दिन का राजकीय शोक और कई राज्यों ने 7 दिन का राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है। डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार आज शनिवार को सुबह 11:45 बजे नई दिल्ली में कश्मीरी गेट के पास निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

वहीं, रक्षा मंत्रालय ने डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार के लिए पूरे सैन्य सम्मान की व्यवस्था करने का फैसला किया है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत देश-विदेश की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहेंगी। गृह मंत्रालय ने शुक्रवार देर शाम अंतिम संस्कार का पूरा कार्यक्रम और देश-विदेश से आने वाले मेहमानों की सूची जारी कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *